अगले तीन साल में राजस्थान की सभी ग्राम पंचायतों में खुलेंगे आदर्श विद्यालय

जयपुर, 11 फरवरी। राजस्थान में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर एक विद्यालय को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने के अंतर्गत प्रथम चरण के चयनित सर्वश्रेष्ठ आदर्श विद्यालयों वाले जिले के शिक्षा अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

राजस्थान के शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2015-16 की समाप्ति उपरांत राज्य के सभी जिलों में आदर्श विद्यालय प्रथम चरण योजना के क्रियान्वयन का मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन में सर्वश्रेष्ठ जिले का चयन एवं प्रथम चरण के 1340 विद्यालयों का भी मूल्यांकन कर सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का चयन किया जाएगा।

प्रो. देवनानी ने बताया कि चयनित सर्वश्रेष्ठ आदर्श विद्यालयों वाले जिले के जिला शिक्षा अधिकारी, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक एवं सर्वश्रेष्ठ विद्यालय के प्रधानाचार्य (संस्था प्रधान) को स्वतंत्राता दिवस समारोह में प्रशंसा पत्रा प्रदान किया जायेगा। उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य, संस्था प्रधानों के मध्य स्वस्थ प्रतिस्पर्द्धा विकसित करने एवं अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में सम्मान की इस परंपरा की पहल की गई है।

शिक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में आदर्श विद्यालय स्थापित करने के अंतर्गत 31 मार्च तक 1340 ग्राम पंचायतों में आदर्श विद्यालय स्थापित हो जाऐंगे। उन्होंने बताया कि तीन वर्षों में राज्य की कुल 9895 ग्राम पंचायतों में आदर्श विद्यालय स्थापित होंगे। इनमें बालक-बालिकाओं के लिए खेलकूद सामग्री की व्यवस्था के साथ-साथ कम्प्यूटर की उपलब्धता प्रदान करके इन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह आदर्श विद्यालय ग्राम पंचायत के अन्य विद्यालयों के लिए मागदर्शी विद्यालय एवं संदर्भ केन्द्र के रूप में कार्य करेंगे।