अपर्णा कुमार को अखिलेश यादव की बधाई

लखनऊ, 27 जनवरी (जनसमा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आईपीएस अधिकारी सुश्री अपर्णा कुमार द्वारा अण्टार्कटिका महाद्वीप की सबसे ऊँची पर्वत चोटी माउण्ट विन्सेन्ट मैसिफ पर सफलतापूर्वक पर्वतारोहण किए जाने पर उन्हें बधाई दी है।

अखिलेश ने कहा है कि इस उपलब्धि से सुश्री अपर्णा कुमार ने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

ज्ञातव्य है कि उत्तर प्रदेश कैडर की वर्ष 2002 बैच की भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी सुश्री अपर्णा कुमार ने 17,000 फीट ऊँची माउण्ट विन्सेन्ट मैसिफ पर्वत चोटी पर विगत 17 जनवरी को भारतीय समय के अनुसार अपराह्न 02 बजे फतह हासिल की।

उन्होंने पर्वत शिखर पर भारतीय तिरंगे के साथ-साथ उत्तर प्रदेश पुलिस के ध्वज को भी फहराया। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह किसी भी अखिल भारतीय सेवा की पहली अधिकारी हैं।