उप्र में चिलचिलाती धूप, पारा चढ़ा

लखनऊ, 7 अप्रैल (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ तथा आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह से ही तेज धूप निकलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और वृद्घि दर्ज किए जाने की सम्भावना जताई है। मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में तेज धूप निकलेगी और तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्घि होने के आसार हैं। अप्रैल में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने से गर्मी काफी बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।

लखनऊ के अलावा गुरुवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री, कानपुर का 22.1 डिग्री, गोरखपुर का 23.2 डिग्री, झांसी का 24.6 डिग्री और इलाहाबाद का 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।