एक साल अंतरिक्ष स्टेशन पर रहने के बाद पृथ्वी पर लौटे अंतरिक्ष यात्री

वाशिंगटन, 2 मार्च (जनसमा)। नासा अभियान 46 के अंतरिक्ष यात्री कमांडर स्कॉट केली और उनके रूसी साथी मिखाइल कोरनीएन्को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 340 दिन के एक ऐतिहासिक मिशन के बाद मंगलवार को पृथ्वी पर लौट आए।

फोटो सौजन्य: नासा

उनका अतंरिक्ष यान कजाकिस्तान के समय के अनुसार आज सुबह 10 बजकर 20 मिनट (अमेरिकी समय के अनुसार रात्रि 23 बजकर 26 मिनट) पर कजाकिस्तान में उतरा।

नासा के प्रशासक चाल्र्स बोल्डेन ने बताया कि स्काॅट पहले अमरीकी अंतरिक्ष यात्री हैं जिन्होंने एक साल अंतरिक्ष में बिताया। इनके अनुसंधान और अन्वेषण कार्यों के परिणामों की जांच के बाद अमरीका मंगल ग्रह पर अपने कदम रखेगा।

एक सोयुज टीएमए 18ड अंतरिक्ष यान स्काॅट केली और मिखाइल की अंतरिक्ष से वापसी की यात्रा के लिए भेजा गया था।

स्कॉट केली अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर मंगल ग्रह की अमेरिका की यात्रा के लिए अग्रिम मदद हेतु अंतरिक्ष अन्वेषण मिशन पर भेजे गए थे।

एक साल के मिशन के दौरान स्टेशन के चालक दल ने नासा के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए और मानवता को लाभ पहुंचाने के लिए लगभग 400 परीक्षण किए। केली और मिखाइल कोरनीएन्को – दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने मंगल यात्रा के संदर्भ में नासा मिशन को अग्रिम जानकारियां दीं। जो परीक्षण किए गए उनमें भारहीनता की स्थिति में मानव शरीर किस तरह संतुलित रहकर काम करता है, एकांत में क्या अहसास होता है, रेडियोधर्मिता और लम्बे समय तक दबाव का क्या प्रभाव होता है – इन सब बातों का गहन अध्ययन और अनुसंधान किया गया।