एमटीसीआर का पूर्ण सदस्य बना भारत

नई दिल्ली, 27 जून | भारत सोमवार को मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण रिजीम (एमटीसीआर) का पूर्ण सदस्य बन गया। देश को यह उपलब्धि परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में चीन के विरोध के कारण भारत को सदस्यता नहीं मिलने के तीन दिन बाद हासिल हुई है।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “भारत आज सुबह मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण रिजीम (एमटीसीआर) में शामिल हो गया। पेरिस में एमटीसीआर के प्वाइंट ऑफ कॉन्टैक्ट में भारत को इसमें शामिल करने का फैसला किया गया।”

भारत एमटीसीआर का 35वां सदस्य बन गया है, जबकि चीन को अब भी इसका सदस्य बनने का इंतजार है।

भारत ने 2008 में और चीन ने 2004 में एमटीसीआर की सदस्यता के लिए आवेदन किया था।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, “भारत एमटीसीआर की सदस्यता लिए इसके अन्य 34 देशों का शुक्रगुजार है।”             —आईएएनएस