ओमान की शाही नौसेना के दो जहाज अभ्यास के लिए गोवा पहुंचे

नई दिल्ली, 22 जनवरी (जनसमा)। ओमान की शाही नौसेना के दो जहाज लड़ाकू जलपोत ‘आरएनओवी अल-शमिख’ और तेज हमलावर जलपोत ‘आरएनओवी अल-सीब’ आज सुबह गोवा बंदरगाह पहुंच गए। दोनों जहाज 4 से 9 फरवरीए 2016 तक विशाखापत्तनम में होने वाली इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (आईएफआर) में हिस्सा लेंगे।

आईएफआर 2016 में भाग लेने के पूर्व भारतीय नौसेना और ओमान की शाही नौसेना 22 से 27 जनवरी तक अरब सागर में एक द्वीपक्षीय समुद्री अभ्यास “नसीम-अल-बह्र” में हिस्सा लेगी। “नसीम-अल-बह्र” दोनों देशों के बीच नजदीकी सामरिक संबंधों को रेखांकित करता है, जिसकी शुरूआत 1993 में हुई थी। यह इस तरह का दसवां समुद्री अभ्यास है।

अभ्यास में भारतीय नौसेना के दो जहाज आईएनएस त्रिकंद और आईएनएस त्रिशूल हिस्सा लेंगे। इसके अलावा तेज हमलावर जलपोत, समुद्री गश्ती हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर भी इसमें हिस्सा लेंगे। ओमान की शाही नौसेना का प्रतिनिधित्व जलपोत आरएनओवी अल-शमिख और तेज हमलावर जलपोत आरएनओवी अल-सीब करेंगे।

यह अभ्यास दो चरणों में होगा। पहला चरण गोवा में बंदरगाह पर 22 से 24 जनवरी, 2016 को होगा और दूसरा चरण बीच समुद्र में 24 से 27 जनवरी, 2016 को होगा। बंदरगाह पर होने वाले अभ्यास में व्यावसायिक आदान-प्रदान, दोनों देशों के नौसैनिकों की आपसी मुलाकात, सामाजिक और खेल आदान-प्रदान तथा सम्मेलनों का आयोजन होगा। समुद्री अभ्यास के दौरान जहाजी बेड़ों के परिचालन संबंधी अभ्यास किए जाएंगे और समुद्री डाकुओं से मुकाबला करने तथा सुरक्षा के प्रदर्शन किए जाएंगे।