कन्हैया ने कुछ भी राष्ट्रविरोधी बात नहीं कही: शत्रुघ्न

पटना, 17 फरवरी (जनसमा)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और सिनेस्टार शत्रुघ्न सिन्हा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रनेता कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी को गलत करार दिया है। शत्रुघ्न ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष और हमारे बिहार के लड़के कन्हैया कुमार ने कुछ भी राष्ट्रविरोधी या संविधान विरोधी नहीं कहा है।’’

फाईल फोटोः शत्रुघ्न सिन्हा (आईएएनएस)

भाजपा के अन्य नेता जहां कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी को सही ठहरा रहे हैं वहीं शत्रुघ्न ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि कन्हैया को जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा। उसे जितनी जल्दी रिहा किया जाए, उतना अच्छा होगा।’’

अभिनेता और भाजपा नेता ने कहा कि जेएनयू के इस संकट से हमारे राजनेता वाकिफ होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘जेएनयू अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त संस्था है। इसका गौरवशाली इतिहास रहा है। जेएनयू को अब और शर्मिंदगी से बचाना होगा।’’

शत्रुघ्न ने लिखा, ‘‘जेएनयू की साख को धक्का पहुंचाने वाले बयानों पर सजग रहना होगा। आखिर वे हमारे ही बच्चे और छात्र हैं।’’

शत्रुघ्न सिन्हा इससे पहले भी कई बार अपनी पार्टी लाइन से हटकर बयान देते रहे हैं। इस बार भी वह ऐसे ही बयान की वजह से सुर्खियों में आ गए हैं।