किसानों की मदद के लिए जल संरक्षण का आह्वान

नई दिल्ली, 15 जून | सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को देश के किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए जल संरक्षित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि हम जल संरक्षण एवं उपलब्ध जल का बुद्धिमानी के साथ इस्तेमाल करना सीख जाएं तो जल की समस्या का बहुत हद तक निदान हो जाए।

किसानों को कर्ज के चंगुल से मुक्त कराने के लिए ‘चैलेंजेज ऑफ पॉलिसी रिफार्म्स इन इंडिया’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में गडकरी ने कहा, “जल की अत्यधिक कमी और खेती में नवीनता एवं विविधता का अभाव और इससे जुड़ी अन्य गतिविधियां देश में किसानों की खराब आर्थिक स्थिति के मुख्य कारण हैं।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में सिंचाई की आधारभूत सुविधाएं अपर्याप्त हैं। उन्होंने कहा कि 89 अल्प त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम (एआईबीपी) और अन्य सिंचाई योजनाओं के लिए धन आवंटन में वृद्धि सराहनीय है।

उन्होंने नदी की तलछट और धारा को बनाए रखने के लिए जलरोधक बांध बनाने की जरूरत पर बल दिया।

गडकरी ने राज्य सरकारों से कहा कि वे सिंचाई के लिए धनराशि बढ़ाएं। उन्होंने मध्य प्रदेश का उदाहरण दिया जहां सिंचाई पर खर्च बढ़ाने के बाद उत्पादकता पहले से बढ़ गई।

मंत्री ने कहा कि गंगा नदी पर जल मार्ग विकास परियोजना एवं हाल में घोषित 111 राष्ट्रीय जलमार्ग, जलस्तर और सिंचाई के लिए जल की उपलब्धता को बढ़ाने में सफल रहेंगे।

गडकरी ने कहा कि कचरा सहित स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उत्पादों से उन्नत प्रौद्योगिकी लाने के लिए शोध के प्रयास किए जाने चाहिए।       –आईएएनएस