कुक्कुट उत्पादन में बढ़ोतरी से किसानों की आमदनी बढ़ी : राधामोहन

नई दिल्ली, 15 जुलाई (जनसमा)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने शुक्रवार को हैदराबाद में भारतीय कुक्कुट परिसंघ की 28वीं सालाना बैठक में भाग लिया। परिसंघ की बैठक को संबोधित करते हुए राधामोहन सिंह ने कहा कि देश में अंडा उत्पादन 2014-15 के दौरान लगभग 5 फीसदी की वार्षिक वृद्धि दर के साथ 78 बिलियन के उच्च स्तर पर पहुंच गया है। वहीं कुक्कुट मांस का उत्पादन 3 मिलियन मीट्रिक टन के लगभग अनुमानित है। वर्तमान में कुक्कुट उत्पादों का निर्यात 2015-16 में 768 करोड़ रुपए के लगभग है। कुक्कुट उत्पादन में बढ़ोतरी के साथ ही हमारे किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी हुई है।

केंद्रीय मंत्री ने कुक्कुट उत्पादन से जुड़ी संभावनाओं, व्यापार में बढ़ोतरी, किसानो व व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं, केंद्र सरकार द्वारा की जा रही मदद को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। इस कार्यक्रम के अलावा एक अन्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने राज्य के कृषि वैज्ञानिकों को संबोधित किया। इस बैठक में राज्य के कृषि मंत्री, भारत सरकार, आईसीएआर संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालय के अधिकारी भी उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस उद्योग से जुड़े लोगों की कुछ समस्याएं भी है, जिसके कारण इस व्यापार में जुड़े हमारे छोटे-बड़े किसानों को समय-समय पर बड़ी परेशानियों से जूझना पड़ता है। इनमें से एक हैएवियन इंफ्लूएंजा का प्रसार जो इस उद्योग के विकास के लिहाज से एक गंभीर बाधा है। बावजूद इसके समय-समय पर सरकार द्वारा किए गए हस्तक्षेप और निजी क्षेत्र के निरन्‍तर प्रयास के कारण इस क्षेत्र में विकास हुआ है।

भारत सरकार की पहल पर चलाए जा रहे राष्ट्रीय पशुधन मिशन कार्यक्रम का उद्देश्य कुक्कुट समेत सभी पशुधन क्षेत्र सतत वृद्धि और विकास करना है। कुक्कुट पालन और संबंधित क्रियाकलापों के लिए राष्ट्रीय- पशुधन मिशन में कई सुविधाएं दी गई हैं। हमें विदेशी बाजार की चुनौतियों पर ध्यान देने की जरूरत है।

सिंह ने कहा कि व्यापारिक चुनौतियां चाहे घरेलू स्तर पर हो या वैश्विक स्तर पर हो, उनका समाधान है। सरकार ने इसके लिए कई काम किये हैं। विभाग ने कुक्कुट समेत पशुधन और पशुधन उत्पादों के आयात के लिए एसआईपी आवेदनों के ऑनलाईन प्राप्ति और कार्रवाई और सभी पशु संगरोध एवं प्रमाणीकरण सेवा केंद्रों द्वारा पशुधन और पशुधन उत्पादों के आनलाइन निकासी के लिए एकल खिड़की प्रणाली के कार्यान्वयन के लिए स्वच्छता आपात परमिट के लिए एक बेवसाइट प्रारंभ की है।