कृषि के विकास से ही गांवों का विकास संभव : रघुवर दास

रांची/गिरिडीह, 02 फरवरी। झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि विकास कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों पर राज्य सरकार कड़ी कार्रवाई करेंगी। सरकार गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कृषि के विकास से ही गांवों का विकास संभव है। कृषि का विकास राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। मनरेगा से तालाब, कूप इत्यादि बनाकर और जल संचय एवं सिंचाई की व्यवस्था करके कृषि उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री आज पीरटांड प्रखंड के सुग्गाटांड पंचायत में योजना बनाओ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने भारत के गांवों को सशक्त करने का जो सपना देखा था, उस सपने को पूरा करने को राज्य सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि अब गांव के लोग अपने विकास की योजनाऐं स्वयं बनाएं।

उन्होनें गांव के लोगों से अपील की कि शिक्षा हेतु अपने बच्चो को स्कूल जरूर भेजें, क्योंकि शिक्षा मनुष्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। उन्होंने योजना बनाओ अभियान के तहत किये जा रहे कार्यो की जानकारी ली। उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उपस्थित पदाधिकारियों को समाधान करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।