क्षिप्रा और नर्मदा मैया साथ-साथ बह रही हैं –शिवराज सिंह

उज्जैन, 8 अप्रैल। माँ क्षिप्रा और नर्मदा के मिलन को देख अदभुत आनन्द की अनुभूति हो रही है, जी करता है थोड़ी देर यहीं बैठे रहें। क्षिप्रा के घाटों का दृश्य नयनाभिराम हो चला है।”आज क्षिप्रा में नर्मदा का पानी छोड़े जाने से तट पर दृश्य अदभुत हो गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दृश्य आँखों को सुकून दे रहा है। क्षिप्रा और नर्मदा मैया साथ-साथ बह रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार परम्परागत आयोजनों के साथ-साथ विश्व-शान्ति का दर्शन और सन्देश भी सिंहस्थ से जायेगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह विचार बीते मगलवार को उस वक्त व्यक्त किये थे, जब वे उज्जैन के भूखीमाता घाट पर क्षिप्रा के चार घाटों के लोकार्पण के लिये पहुँचे थे।

मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ के लिये तैयार किये गये 28 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत के चार घाट का लोकार्पण किया। इनमें भुवनेश्वरी घाट, राज-राजेश्वरी घाट, गऊघाट स्टापडेम से लालपुल (बांया तट) घाट एवं गुरूनानक घाट शामिल हैं।

2043 मीटर लम्बे घाटों का लोकार्पण

चौहान ने भूखी माता घाट पर क्षिप्रा के 2043 मीटर लम्बे घाटों का लोकार्पण किया। भुवनेश्वरी घाट की लम्बाई 571 मीटर है। राज-राजेश्वर घाट 192 मीटर, गऊघाट स्टापडेम से लाल पुल (बाँया तट) घाट 580 मीटर तथा गुरूनानक घाट 700 मीटर लम्बाई में बनवाया गया है।

भुवनेश्वरी घाट 27.20 मीटर चौड़ा होकर 7.94 करोड़ की लागत से बनाया गया है। इसकी बॉटम लेंडिंग चौड़ाई तीन मीटर है और बॉटम लेंडिंग का एरिया 1713 वर्गमीटर है। राज-राजेश्वरी घाट 2 करोड़ 29 लाख रुपये व्यय करके बनवाया गया है। इसकी चौड़ाई 18.50 मीटर, बॉटम लेंडिंग चौड़ाई चार मीटर तथा बॉटम लेंडिंग एरिया 768 वर्गमीटर है।

गऊघाट स्टापडेम से लालपुल बांया तट घाट पर 8 करोड़ 20 लाख रूपये व्यय किये गये हैं। इसकी चौड़ाई 14.10 मीटर, बॉटम लेंडिंग चौड़ाई पाँच मीटर और बॉटम लेंडिंग एरिया 2900 वर्गमीटर है।

गुरूनानक घाट 9 करोड़ 84 लाख रुपये व्यय करके बनवाया गया है। चौड़ाई 28 मीटर, बॉटम लेंडिंग चौड़ाई तीन मीटर तथा बॉटम लेंडिंग एरिया 2586 वर्गमीटर में है।