खुद मोदी ने चुना था चंडीगढ़ का योग स्थल

चंडीगढ़, 21 जून| चंडीगढ़ के संस्थापक वास्तुकार ली कार्बुजिए के शाहकार कैपिटल कॉम्पलेक्स का दूसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के स्थल के रूप में चयन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। मोदी ने योग के प्रति उत्साही लोगों को संबोधित करते हुए इस बात का खुलासा किया कि वह कई साल पहले इस जगह आए थे। योग दिवस के आयोजन का फैसला होने के बाद उन्हें इसके लिए यही जगह सबसे ज्यादा उपयुक्त लगी थी।

मोदी 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से पूर्व हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी के तौर पर पांच साल चंडीगढ़ में रहे थे।

मोदी ने जन समुदाय से कहा, “मैं इस जगह (समारोह स्थल) पर आ चुका हूं।”

पिछले छह महीने में मोदी की कैपिटल कॉम्पलेक्स की यह दूसरी यात्रा है। उन्होंने फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद की भारत यात्रा के दौरान चंडीगढ़ में उनका स्वागत किया था।

–आईएएनएस