गांधी टोपी की जगह हेल्मेट पहनें कांग्रेसी : अनिल विज

गांधी टोपी की जगह हेल्मेट पहनें कांग्रेस के नेता : अनिल विज

चंडीगढ़, 7 अक्टूबर (आईएएनएस| अपने बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस के नेताओं को अब पारंपरिक गांधी टोपी पहनने की जगह हेल्मेट पहनना चाहिए। विज ने यह टिप्पणी कांग्रेस के एक कार्यक्रम में गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर के समर्थकों के बीच हुए खूनी संघर्ष के बाद की।

संघर्ष में तंवर और कुछ अन्य लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।

विज ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, “हुड्डा और तंवर गुटों में झड़प के बाद कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों में गांधी टोपी की जगह हेल्मेट पहनना अनिवार्य कर देना चाहिए।”

नियंत्रण रेखा के पार की गई सैन्य कार्रवाई के संबंध में ‘खून की दलाली’ वाले बयान पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए विज ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी है जो वोट के खातिर खून की राजनीति करती है।

उन्होंने कहा, “वोट के लिए कांग्रेस खून की राजनीति करती है। उसने साल 1947 में देश का बंटवारा करा दिया और करीब दस लाख लोग मारे गए। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हजारों सिखों का कत्लेआम हुआ। कांग्रेस शासित प्रदेशों में हमेशा दंगे होते हैं।”

विज ने कहा, “पार्टी हर चीज में खून की दलाली करती है। राहुल ने यह कह कर सेना और देश का अपमान किया है। इसके लिए उन्हें कभी माफ नहीं किया जा सकता।”            –आईएएनएस