गोयल ने स्व. शाहिद के निवास पर जाकर शोक व्यक्त किया

नई दिल्ली, 21 जुलाई | केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विजय गोयल ने पूर्व हॉकी कप्तान और ओलंपिक खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद के दुखद निधन पर बुधवार को उनके गुड़गांव स्थित निवास स्थान पर जाकर शोक व्यक्त किया। दिग्गज स्टार खिलाड़ी श्री शाहिद का बीमारी के कारण गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। गोयल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और स्वयं अपनी ओर से मोहम्मद शाहिद के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति गहरा दु: ख और सहानुभूति व्यक्त की।

गोयल ने कहा कि उनके निधन से देश ने एक महान खिलाड़ी खो दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि मोहम्मद शाहिद का जीवन और कैरियर खिलाड़ियों की नई पीढ़ी को हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और ओलंपिक जैसे अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

मोहम्मद शाहिद अपने समय के एक दिग्गज हॉकी खिलाड़ी थे और फारवर्ड स्थान पर खेलते थे। उन्होंने 1980 में रूस में आयोजित ओलंपिक में भाग लिया जिसमें टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। वे 1984 में लॉस एंजिल्स और 1988 में सोल में आयोजित ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम के सदस्य रहे थे। वे 1986 के एशियाई खेलों में भारतीय टीम के कप्तान थे और उनके नेतृत्व में हॉकी टीम ने 1986 के विश्व कप में कांस्य पदक जीता था। वे 1982 एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली टीम के सदस्य भी रहे थे।