चाँदनी चौक की समस्याओं को दूर करने की कोशिश

नई दिल्ली, 11 फरवरी (जनसमा)।  दिल्ली का चाँदनी चौक एक ऐतिहासिक विरासत है किन्तु इस इलाके में आम जनजीवन के लिए इतनी समस्याएं हैं कि उन्हें दूर करने के लिए जन सहयोग और सरकार के संकल्प की जरूरत है। यह केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन का संसदीय क्षेत्र है और समस्याओं के समाधान की उन्होंने पहल शुरू की है।

डॉ. हर्ष वर्धन ने अपने संसदीय क्षेत्र के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया। इसमें चॉंदनी चौक के व्यापारिक संगठनों के 150 प्रतिनिधियों तथा दिल्ली विकास प्राधिकरण के उपाध्‍यक्ष अरूण गोयल, निगम के आयुक्त पी.के गुप्ता, दिल्ली पुलिस के उपायुक्त (उत्तरी दिल्ली)मधुर वर्मा, दिल्ली पुलिस (ट्रैफिक), (उत्तरी दिल्ली) के उपायुक्‍त एस.एन मसोबी तथा दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, दिल्ली विकास प्राधिकरण के अन्य मुख्य अधिकारी भी इस बैठक में शामिल हुए।

डॉ. हर्ष वर्धन ने बताया कि चॉंदनी चौक/जामा मस्जिद की पुनर्विकास योजना के निमित्त  दिल्ली सरकार के शाहजहांनाबाद विकास प्राधिकरण को योजना बनाने के आदेश दिए हैं। शहर के अंदर बिजली के तारों को भूमिगत करवाने के विषय में उन्होंने केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल और दिल्ली सरकार के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। डी.डी.ए द्वारा स्वीकृति ईदगाह पार्किंग प्रोजेक्‍ट को एन.बी.सी.सी द्वारा बनाने की कार्य योजना भी निगम से बनवायी गई है।

एक तल पर चल रही गॉंधी मैदान की पार्किंग को भूमिगत तीन तलों में परिवर्तित करने की योजना को अंतिम रूप दिया गया है। नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशनों में कई प्रकार के कार्य जैसे एस्केलेटर, यात्रियों को बैठने हेतु बेंच की व्यवस्था, सफाई आदि कार्य करवाए गए हैं।

हाल ही में निगम कार पार्किंग की जमीन जो आजाद मार्केट फ्लाई ओवर के बदले में रेल मंत्रालय को सौंपी गयी है, उस पर भी बहुमंजिला पार्किंग बनाने के लिए रेल मंत्रालय से अनुरोध किया गया है। डी.डी.ए द्वारा रंग-रसायन पेपर मार्केट और ट्रांस्पोर्टरों को शहर से बाहर प्लॉट देने का जो कार्य अधर में लटका था उसे पूरा करने का अनुरोध भी डी.डी.ए से किया गया है। करोल बाग, सदर बाजार, पहाड़गंज के क्षतिग्रस्त प्रोपर्टीज को फ्री होल्ड करने की योजना डी.डी.ए द्वारा लायी गयी है। ईदगाह में समुदाय भवन बनवाने का कार्य लगभग संपन्न होने वाला है।

बैठक में उक्त विषयों के अतिरिक्त अनेक विषयों पर दिल्ली के व्यापारियों ने डॉ. हर्ष वर्धन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। डॉ. हर्ष वर्धन ने व्यापारियों से कहा कि जन सुविधा कॉम्प्‍लेक्स के लिए उन्हें स्थान निश्चित करके व्यापारियों की सहमति के साथ दें ताकि वे अपने संसदीय कोष से उसका निर्माण करवा सकें।