चापलूसों से सावधान रहें अखिलेश: मुलायम

लखनऊ, 22 जनवरी। समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि अखिलेश यादव को सचेत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री चापलूसों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि जो आलोचना नहीं सह सकता वह नेता नहीं बन सकता। जिसकी आलोचना सबसे अधिक होगी वही नेता बनेगा। मुलायम सिंह ने कहा कि समाजवादियों की कथनी-करनी में भेद नहीं होना चाहिए। हमने जो घोषणापत्र में वायदा किया था उसको पूरा करने का काम किया है।

फाईल फोटोः मुलायम सिंह यादव (आईएएनएस)

नौजवानों में जोश भरते हुए कहा कि जब तक आप उप्र छोड़कर अन्य प्रदेशों में नहीं जायेंगे तब तक आप नेता नहीं बन सकते। इसलिए पार्टी के काम से मध्य प्रदेश व बिहार का दौरा करो। साथ ही बोलना भी सीखो और पढ़ना भी सीखो।

मुलायम सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी विद्यालयों में छात्र यूनियन अनिवार्य करनी चाहिए। क्योंकि छात्रसंघ चुनाव से देश के तमाम नेता निकलकर आये हैं। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं भी छात्रसंघ का अध्यक्ष रहा हूं।

मुलायम सिंह ने शुक्रवार को जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मंच पर बैठे अखिलेश से कहा कि सभी विद्यालयों में छात्र यूनियन अनिवार्य करो। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सपा की ब्लाक से लेकर प्रदेश स्तर तक सभी कमेटियों में महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य की जाये।

उन्होंने कहा कि जिस कमेटी में महिलाएं न हों उस कमेटी को तत्काल भंग कर दी जाये। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी महिलाओं को अधिक से अधिक सीटें दी जायेंगी।

बूथ स्तर तक पकड़ रखने वाले नेता को मिलेगा टिकट

मुलायम सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में उसी व्यक्ति को सपा टिकट देगी जिसकी टीम बूथ स्तर तक होगी। उन्होंने लोकसभा चुनाव परिणामों पर अफसोस जताते हुए कहा कि हम लोकसभा इसलिए हार गये कि हमारे कार्यकर्ताओं ने ठीक से काम नहीं किया। पूरे प्रदेश में मात्र पांच लोग जीते वह भी एक ही परिवार के।

मुलायम सिंह यादव ने यह भी कहा कि हमने सपा को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाया लेकिन आज हमारी पार्टी क्षेत्रीय पार्टी बनकर ही रह गयी है।         (हि.स.)