सैनिकों

चीनी और भारतीय सैनिकों के बीच हुई झड़प में चोटें आई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि 9 दिसंबर, 2022 को चीनी और भारतीय सैनिकों के बीच हुई झड़प में दोनों ओर के कुछ सैनिकों को चोटें आई हैं।

पीएलए सैनिकों ने तवांग सेक्टर के यांग्त्से क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा का अतिक्रमण करने और यथास्थिति को बदलने का प्रयास किया।

संसद के दोनों सदनों में 13 दिसंबर, 2022 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बयान देकर तवांग सेक्टर में भारत चीन के बीच हुई तनावपूर्ण घटना की जानकारी दी।

बयान

उन्होंने अपने बयान में कहा ” मैं इस सम्मानित सदन को 9 दिसंबर, 2022 को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में हमारी सीमा पर हुई एक घटना के बारे में जानकारी देना चाहूंगा।

सिंह ने बताया कि आमने-सामने की हाथापाई हुई जिसमें भारतीय सेना ने बहादुरी से हमारे क्षेत्र में उन्हें अतिक्रमण करने से रोका और अपनी चौकियों पर लौटने के लिए बाध्य किया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि इस झड़प में दोनों ओर के कुछ सैनिकों को चोटें आई हैं।

उन्होंने कहा “मैं इस सदन के साथ यह साझा करना चाहता हूं कि हमारी ओर से कोई हताहत या गंभीर रूप से हताहत नहीं हुआ है।

भारतीय सैन्य कमांडरों के समय से हस्तक्षेप के कारण पीएलए सैनिक अपने ठिकानों पर वापस चले गए।

घटना की फोलोअप कार्रवाई में स्थानीय कमांडर ने अपने समकक्ष के साथ इस विषय पर स्थापित व्यवस्था के अनुसार चर्चा करने के लिए 11 दिसंबर, 2022 को फ्लैग मीटिंग की।

चीनी पक्ष से इस तरह की हरकतों से बाज आने तथा सीमा पर शांति बनाए रखने को कहा गया।

सिंह ने बताया कि राजनयिक माध्यमों से भी इस विषय को चीनी पक्ष के साथ उठाया गया है।

उन्होंने कहा “हमारी सेनाएं हमारी क्षेत्रीय अखंडता के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस तरह के किसी भी प्रयास को विफल करती रहेंगी। “