छग : 89 हजार गरीब महिलाओं को मिलेगा धुएं से छुटकारा

रायपुर 22 अगस्त (जस)। छत्तीसगढ़ के श्रम, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री भईया लाल राजवाडे़ ने कोरिया जिला मुख्यालय बैकुण्डपुर के मानस भवन में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतीक स्वरूप 10 परिवार की महिलाओं को गैस सिलेंडर, चूल्हा एवं रेग्युलेटर निःशुल्क प्रदान किया। राजवाडे ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत निःशुल्क गैस सिलेंडर प्राप्त करने वाली महिलाओं को बधाई और शुभकामनाएं दी।

भईया लाल राजवाडे़ ने बताया कि कोरिया जिले में 89 हजार 179 गरीब महिलाओं को घरेलू गैस सिलेंडर प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से इस वर्ष 28 हजार 325 हितग्राहियों को गैस सिलेंडर, चूल्हा एवं रेग्युलेटर प्रदान किया जायेगा।

कार्यक्रम में राजवाड़े ने कहा कि यह योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात है। पहले गरीब महिलाएं आग जलाने के लिए लकड़ी की तलाश में जंगल जाया करती थीं। फलस्वरूप उन्हें विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसके बाद चूल्हा जलाने में आग और धुंआ का भी सामना करना पड़ता था। अब इन महिलाओं को ऐसी पेरशानी नहीं होगी।