छत्तीसगढ़: किसानों के लिए मुआवजा राशि आवंटित

रायपुर, 20 जनवरी। राज्य के सूखा पीड़ित किसानों को मुआवजा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी संबंधित जिलों को अब तक तीन किश्तों में 573 करोड़ 92 लाख रूपए का आवंटन जारी कर दिया है। यह राशि राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत किसानों को अनुदान के रूप में वितरित की जा रही है।

राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने प्रदेश के समस्त संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों को यह सम्पूर्ण राशि इस महीने की 31 तारीख तक अनिवार्य रूप से वितरित करने के निर्देश दिए हैं।

राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा कल 19 जनवरी को यहां मंत्रालय से जारी परिपत्र में संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों से कहा गया है कि तीन किश्तों में यह राशि जिला कलेक्टरों के मांग के आधार पर आवंटित की गयी है। राज्य स्तर पर जानकारी उपलब्ध के अनुसार अब किसी भी जिले से राशि की अतिरिक्त मांग नहीं आयी है। इस प्रकार सभी जिलों में अनुदान वितरण के लिए पर्याप्त आवंटन उपलब्ध है।

किसानों को मुआवजा वितरण के लिए राज्य शासन द्वारा पहली किश्त पिछले महीने की 12 तारीख को, दूसरी किश्त चालू महीने की 11 तारीख को और तीसरी किश्त भी चालू जनवरी महीने की 15 तारीख को जारी कर दी गयी है।

पहली किश्त में 134 करोड़ 60 लाख रूपए, दूसरी किश्त में 309 करोड़ 82 लाख रूपए और तीसरी किश्त में 128 करोड़ 50 लाख रूपए जारी किए गए हैं।

तीनों किश्तों को मिलाकर जिला राजनांदगांव को 105 करोड़ रूपए, गरियाबंद को 43 करोड़ रूपए, बालोद को 41 करोड़ रूपए, कांकरे 41 करोड़ 50 लाख रूपए, बस्तर (जगदलपुर) को 50 करोड़ 25 लाख रूपए, कोरिया को 59 करोड़ रूपए, कोण्डागांव को 34 करोड़ 25 लाख रूपए, बिलासपुर को 26 करोड़ 75 लाख रूपए, कबीरधाम को 18 करोड़ 50 लाख रूपए, धमतरी को 27 करोड़ 20 लाख रूपए, महासमुंद को 14 करोड़ 25 लाख रूपए, सूरजपुर को 15 करोड़ 80 लाख रूपए और बेमेतरा को 13 करोड़ 75 लाख रूपए का आवंटन जारी कर दिया गया है।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि दुर्ग जिले के 12 करोड़ 50 लाख रूपए, कोरबा जिले को 12 करोड़ 20 लाख रूपए, दंतेवाड़ा जिले को 10 करोड़ 25 लाख रूपए, बीजापुर जिले को 18 करोड़ 72 लाख रूपए, नारायणपुर जिले को पांच करोड़ 50 लाख रूपए और बलरामपुर-रामनुजगंज जिले को चार करोड़ 50 लाख रूपए आवंटित किए गए हैं। जांजगीर-चाम्पा जिले को पांच करोड़ रूपए, जशपुर जिले के चार करोड़ 50 लाख रूपए, रायपुर जिले को एक करोड़ रूपए, मुंगेली को 75 लाख रूपए, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को 32 लाख रूपए, रायगढ़ जिले को दो करोड़ 25 लाख रूपए आवंटित किए गए हैं।