छत्तीसगढ़ में जलवायु अनुकूलन के लिए 21 करोड़ का प्रोजेक्ट मंजूर

रायपुर, 22 मार्च। छत्तीसगढ़ राज्य शासन के प्रस्ताव पर केन्द्र ने छत्तीसगढ़ को महानदी के जलग्रहण क्षेत्र की नम भूमि में जलवायु अनुकूलन के लिए 21 करोड़ रूपए की पंचवर्षीय परियोजना की स्वीकृति प्रदान कर दी है। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री महेश गागड़ा ने विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर कल यहां इस परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित समारोह में विश्व वानिकी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

गागड़ा ने इस मौके पर ’वन और जल संरक्षण’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में सभी लोगों को विश्व वानिकी दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने, धरती के तापमान में असामान्य वृद्धि को रोकने और जलवायु परिवर्तन के संकट से निपटने के लिए वनों की रक्षा करना और नये वन लगाना बहुत जरूरी हो गया है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 44.21 प्रतिशत जंगल हैं। वनों की रक्षा और वन संवर्धन के लिए हमें जनसहयोग से काम करना होगा। राज्य सरकार इस दिशा में काफी गंभीरता से हर संभव प्रयास कर रही है। संयुक्त वन प्रबंधन योजना के तहत जंगलों की रक्षा और वन संवर्धन के कार्य ग्रामीणों की भागीदारी से किए जा रहे हैं। इसके लिए 7887 वन प्रबंधन समितियों का गठन किया गया है।