जलजनित बीमारियों के रोकथाम की पुख्ता व्यवस्था करें : शिवराज

भोपाल, 11 जुलाई (जनसमा)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिये है कि वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में जलजनित बीमारियों के रोकथाम की पुख्ता व्यवस्था करें तथा इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगायें। शिवराज सोमवार को यहाँ प्रदेश में वर्षा से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बताया गया कि प्रदेश में अति वर्षा से प्रभावित क्षेत्र में नुकसान का सर्वे कार्य शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल के नमूनों की जाँच करें। यह सुनिश्चित करें कि कही भी दूषित पेयजल से बीमारियाँ नहीं फैले। प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त दवाइयाँ उपलब्ध रहें। अति वर्षा से हुए नुकसान का प्रतिवेदन शीघ्र केंद्र सरकार को भेजें। शिवराज ने छिंदवाड़ा जिले का परासिया पुल टूटने से ग्राम बेलगाँव में फँसे दस लोगों को निकालने की त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये।

बैठक में बताया गया कि अति वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। अति वर्षा से प्रदेश के 21 जिले प्रभावित हुए हैं। प्रदेश में अब तक अति वर्षा से 22 लोगों की मृत्यु हुई है। इसमें भोपाल में 5, विदिशा में 3, दमोह में 5, रायसेन, रीवा, सागर, मंडला, टीकमगढ़, दमोह, सिवनी, सीहोर तथा आगर मालवा में एक-एक व्यक्ति शामिल है। प्रदेश में अति वर्षा से प्रभावित आबादी 3 लाख 46 हजार है। अति वर्षा से 2500 मकान पूर्णत: तथा 18 हजार मकान आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। बताया गया कि कल विदिशा में 1600 लोगों को बचाया गया। इसे मिलाकर प्रदेश में अब तक आपदा प्रबंधन दलों द्वारा साढ़े 7 हजार लोगों को बचाया जा चुका है।