ब्राजील के कार्यवाहक राष्ट्रपति ने पैरालम्पिक मशाल प्रज्ज्वलित की

रियो डी जनेरियो, 26 अगस्त| ब्राजील के कार्यवाहक राष्ट्रपति मिशेल टेमेर ने पैरालम्पिक खेलों की मशाल प्रज्ज्वलित की। यहां होने वाले पैरालम्पिक खेलों की शुरुआत में कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। हाल ही में रियो डी जनेरियो में सफल रूप से ओलम्पिक खेलों का समापन हुआ है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, गुरुवार को ब्रासीलिया में हुए एक समारोह में टेमेर ने पैरालम्पिक मशाल प्रज्ज्वलित की। ब्राजील के धावक योहानसन नासिमेंतो इस मशाल के धारक थे।

Photo:-Xinhua/Li-Ming/IANS

पैरालम्पिक भावना की प्रशंसा करते हुए टेमेर ने कहा कि ब्राजीलियाई नागरिक इसके संदेश से ही इन खेलों की सच्ची भावना को जान सकते हैं।

टेमेर ने कहा, “देश के इतिहास को देखा जाए, तो ब्राजील चुनौतियों से बाहर आने में सक्षम रहा है। उसी तरह जिस तरह से पैरालम्पिक एथलीट मुश्किलों से निकलते हैं।”

पैरालम्पिक खेलों की मशाल रैली एक सितम्बर से शुरू होगी और ब्राजील के पांच क्षेत्रों से होते हुए माराकाना स्टेडियम पहुंचेगी। सात सितम्बर को यहां खेलों का उद्घाटन समारोह होगा।

टेमेर ने कहा कि वह भी इस उद्घाटन समारोह में मौजूद रहेंगे। साथ ही उन्होंने पैरालम्पिक खेलों के सफल आयोजन का दावा भी किया।

कार्यवाहक राष्ट्रपति ने कहा, “ओलम्पिक खेलों के आयोजन से हमने यह दर्शाया है कि किस प्रकार हम बड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन कर सकते हैं। विश्व भर के लोगों ने हमारी प्रशंसा की और अब हम इसी प्रकार से पैरालम्पिक खेलों का आयोजन भी करेंगे।”                   –आईएएनएस