टूरिज्म से झारखण्ड के लोगों को मिलेगा रोजगार: रघुवर

रांची, 29 जनवरी। झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य के युवाओं को प्रोत्साहन देने के लिए स्टार्टअप इंडिया के तहत वर्ष 2016-17 में 50 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया जाएगा। ज्ञान आधारित युग में जिसके पास ज्ञान है, वही समाज, राज्य और राष्ट्र विकास कर सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार युवाओं के टैलेंट को निखारने की दिशा में काम कर रही है। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने भारतीय सर्वेक्षण विभाग द्वारा रांची गाइड मैप के दूसरे संस्करण के लोकार्पण के बाद कहीं।

press_release_18491_29-01-2016

दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के डिजिटल इंडिया के सपने को पूरा करने में यह मैप काफी कारगर साबित होगा। इससे फसलों की क्षति की जानकारी प्राप्त करने में और क्षतिपूर्ति में मदद मिलेगी। पहले प्रखंड स्तर पर फसलों के मुआवजा हेतु सर्वेक्षण किया जाता था। अब पंचायत स्तर पर किया जा सकेगा। इस मैप का उपयोग आपदा के समय में भी किया जा सकेगा। रांची गाईड मैप के तर्ज पर ही झारखण्ड के अन्य क्षेत्रों का भी मैप तैयार किया जाएगा।

झारखंड में केवल खनिज संपदा की ही भरमार नहीं है, अपितु यहां प्रकृति ने दोनों हाथ से वैभव लुटाया है। यहां पर्यटन की संभावना को देखते हुए राज्य में पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने का काम किया जा रहा है। राज्य में सांस्कृतिक टुरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अलावा वैसे छात्र जो रिसर्च आदि के लिए खान-खनिज की जानकारी लेने आते हैं, उन्हें भी टुरिज्म के तहत जोड़ा जा रहा है। इससे यहां के लोगों को रोजगार मिलेगा और समृद्धि आयेगी।

press_release_18493_29-01-2016

मुख्यमंत्री दास ने कहा कि राज्य के विकास में सभी को साथ चलना होगा। हमें यह सोच रखनी होगी कि यह हमारा झारखंड है, इसे विकसित करना है। सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने पर अगले पांच साल में झारखंड देश का अग्रणी और अगले 10 साल में दुनिया के समृद्ध राज्यों की श्रेणी में आ सकेगा।