टेबल टेनिस के फाइनल में साथियन और देवेश ने अमलराज और शेट्टी को हराया

शिलांग, 10 फरवरी (जनसमा)। 12वें दक्षिण एशियाई खेल- 2016 में आज सुबह पुरूष डबल्स टेबल टेनिस के फाइनल में जी साथियन और देवेश करिया ने एंथोनी अमलराज और सानिल शेट्टी को हरा दिया है।

अमलराज इस टूर्नामेंट में अपने तीसरे स्वर्ण पदक पर निगाह जमाए हुए थे, लेकिन नेशनल सिंगल्स चैम्पियन और उनके पार्टनर को युवा जोड़ी साथियन/करिया ने जवाहर लाल नेहरू इंडोर स्‍पोर्ट्स हॉल में सीधे सेटों में 11-1, 11-8, 11-6 से पराजित किया।

इससे पहले महिला डबल्स में मनिका बत्रा और पूजा सहस्राबुद्धे मौमा दास और के शामिनी को सीधे सेटों में 11-7, 13-11, 11-5 से हराकर चैम्पियन बनी। फाइनल में सभी खिलाड़ी भारत से थे इसलिए पदक तालिका में भारत के दो और स्वर्ण तथा दो रजत पदक जुड़ गए हैं।

कांस्य पदक सेमीफाइनल में हारने वाले को प्रदान किए गए। महिलाओं के वर्ग में कांस्य पदक नेपाल की नबिता श्रेष्ठा और एलिना महार्जन और श्रीलंका की इशारा मधुरंगी और ईरांडी वारूसविथना ने हासिल किए।

पुरूषों के वर्ग में दोनों कांस्य पदक श्रीलंका के रोहन सीरीसेना/चार्मिन जिंगे और उदय रनसिंघे/निर्मला जयसिंघे को मिले।

पुरूषों के फाइनल के तुरंत बाद पुरूष और महिला डबल्स के लिए पदक प्रदान करने का समारोह आयोजित किया गया।