तरुण गोगोई

तरुण गोगोई का निधन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया

असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का आज सोमवार  शाम गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में निधन हो गया। वह 86 साल के थे।

तरुण गोगोई 2001 से 2016 तक असम के 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे थे।

तरुण गोगोई का जन्म 11 अक्टूबर, 1934 को जोरहाट में हुआ था। वे अपने पीछे पत्नी,पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।

कोविड-19 के संक्रमण के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृत्यु से पूर्व लाइफसपोर्ट सिस्टम पर थे और अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से उनका इलाज चल रहा था।

तरुण गोगोई ने केंद्रीय मंत्री के रूप में भी कार्य किया था। उन्होंने लोकसभा में जोरहाट और कलियाबोर निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया। गोगोई ने कांग्रेस पार्टी में विभिन्न पदों पर भी कार्य किया।

तरुण गोगोई के निधन पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है।

एक संदेश में कोविंद ने कहा कि देश ने समृद्ध राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव के साथ एक अनुभवी नेता खो दिया है। कोविंद ने कहा कि तरुण गोगोई के लंबे मुख्यमंत्री कार्यकाल में असम में युगांतरकारी परिवर्तन हुए।

एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘’श्री तरुण गोगोई जी एक लोकप्रिय नेता और जाने-माने प्रशासक थे जिनका असम और केंद्र की राजनीति में वर्षों लंबा अनुभव रहा हैं। उनके चले जाने का हमें दु:ख है। दु:ख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पूर्व मुख्यमंत्री के समर्थकों और उनके परिजनों के साथ हैं। ओम शांति।”

असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि गोगोई के पार्थिव शरीर को गुवाहाटी के शंकरदेव कलाक्षेत्र में अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा।

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने तरुण गोगोई के निधन पर शोक व्यक्त किया है।