विधानसभा चुनाव

त्रिपुरा में गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान

त्रिपुरा में गुरुवार 16 फरवरी ,2023 को विधानसभा चुनाव होने हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा। 22 महिलाओं सहित 259 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला 28 लाख से अधिक मतदाता करेंगे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य, उपमुख्यमंत्री जिष्णु देबबर्मन, वरिष्ठ माकपा नेता जितेंद्र चौधरी और पबित्रा कार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बिरजीत सिन्हा और पूर्व मंत्री सुदीप रॉय बर्मन उनमें से हैं जो चुनाव लड़ रहे हैं।

त्रिपुरा में सभी मतदानकर्मी अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं। राज्य में 3,328 मतदान केंद्र हैं। चुनाव आयोग ने महिलाओं, युवाओं और दिव्यांगों के लिए आदर्श मतदान केंद्र बनाए हैं।

त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव के लिए शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।