दक्षिण एशियाई खेल : भारत ने मैराथन और पिस्टल निशानेबाजी में जीता स्वर्ण

 गुवाहाटी, 12 फरवरी(जनसमा)। 12वें दक्षिण एशियाई खेलों में भारतीय पुरुषों और महिलाओं ने स्वर्ण पदक जीते हैं। नितेनेन्द्र सिंह रावत ने अपना लक्ष्य 2:15:18:00 घंटे में पूरा किया। एक सेकेंड पीछे रहने की वजह से श्रीलंकाई सी. अरुराधा इंद्रा दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत के खेता राम सिर्फ कांस्य पदक जीत सके।

महिलाओं की मैराथन में भारतीय एथलीट कविता राउत ने 2:38:38:00 घंटे में अपना लक्ष्य साधा और स्वर्ण जीता। श्रीलंकाई एथलीट एन.जी. राजसेकरा ने रजत जबकि बी.जी.एल. अनूराधी ने कांस्य पदक जीता।

भारतीयों का पिस्टल निशानेबाजी में स्वर्ण पर निशाना

12वें दक्षिण एशियाई खेलों में 25 मीटर पिस्टल निशानेबाजी में भारतीय निशानेबाजों ने व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। जबकि टीम स्पर्धा में उन्होंने स्वर्ण हासिल किया। नीरज कुमार, गुरप्रीत सिंह और महेन्द्र सिंह ने क्रमश: स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों पर सफल निशाना लगाया।

टीम पिस्टल निशानेबाजी में भारतीय तिकड़ी – नीरज कुमार, गुरप्रीत सिंह और महेन्द्र सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। पाकिस्तान के तबस्सुम मकबूल हुसैन, बशीर गुलाम मुस्तफा और कबीर मोहम्मद ने रजत पदक हासिल किया।

श्रीलंकाई निशानेबाज एस. फर्नेंडो, एम.पी. पथिराना और जी.एस. वालगामा तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।