दक्षिण एशियाई खेल : भारत ने पुरुष तथा महिला बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता

गुवाहाटी/शिलांग, 11 फरवरी। 12 वें दक्षिण एशियाई खेलों में आज भारतीय धावकों ने 400 मीटर की पुरुष तथा महिला बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। ए धरुना तथा जौना मुर्मू ने स्वर्ण पदक जीता। जिथिन पॉल (भारत) ने 400 मीटर पुरुषों की बाधा दौड़ में रजत पदक जीता और अश्विनी अकुंज्जी (भारत) ने महिलाओं की बाधा दौड़ में रजत पदक जीता।

पाकिस्तान के महबूब अली ने 400 मीटर पुरुषों की बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता जबकि श्रीलंका के कावशाल्या ने 400 मीटर महिलाओं की बाधा दौड़ प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

शॉट पुट में ओम प्रकाश सिंह ने स्वर्ण पदक जबकि जसदीप सिंह ने रजत पदक जीता। वहीं पाकिस्तानी खिलाड़ी मुहम्मद वसीम ने कांस्य पदक जीता।

12 वें दक्षिण एशियाई खेलों में भारतीय महिलाओं ने भाला फेंक प्रतिस्पर्धा में भी स्वर्ण पदक तथा रजत पदक जीते। सुमन देवी ने स्वर्ण पदक जबकि अन्नू रानी ने रजत पदक हासिल किया। श्रीलंका की नादिका लकमली ने कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की ट्रिपल जंप में भारत और पाकिस्तान ने मिलकर पदक जीते। भारत के रंजीत माहेश्वरी और जे श्रेन्धर ने क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक जीते जबकि पाकिस्तान के मुहम्मद अफजल कांस्य पदक जीता।