दिल्ली पुलिस कन्हैया को देगी सुरक्षा

नई दिल्ली, 05 मार्च (जनसमा)। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को दिल्ली पुलिस सुरक्षा मुहैया कराएगी।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले 6 माह की अंतरिम जमानत पर रिहा होकर आए कन्हैया कुमार बीते 12 फरवरी को जेएनयू परिसर में देश विरोधी नारे लगाने पर देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किए गए थे।

दक्षिणी दिल्ली पुलिस के डीसीपी ने जेएनयू प्रशासन को पत्र लिखकर कहा है कि कन्हैया के जेएनयू कैम्पस से बाहर जाने पर उत्तर वसंत कुंज थाने में अग्रिम सूचना देनी होगी और वह किस वाहन से बाहर गए हैं इसकी भी जानकारी दी जाए जिससे किसी अप्रिय घटना से पहले दिल्ली पुलिस कन्हैया की सुरक्षा सुनिश्चित कर सके।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि कन्हैया कुमार जंतर-मंतर और दिल्ली विश्वविद्यालय में सभाएं कर सकते हैं इसलिए जेएनयू प्रशासन दिल्ली पुलिस को कन्हैया के परिसर से बाहर जाने की सूचना दे।

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कुछ संगठनों द्वारा कन्हैया कुमार को खतरा है जिसके कारण पुलिस कन्हैया की निगरानी करेगी।

गौरतलब है कि दिल्ली में कुछ स्थानों पर कन्हैया कुमार को गोली से मारने पर इनाम दिए जाने के पोस्टर देखे गए हैं जिससे दिल्ली पुलिस सतर्क हो गई है।

कुछ जानकारों का मानना है कि दिल्ली पुलिस द्वारा कन्हैया को सुरक्षा दिए जाने का मतलब यह है कि कन्हैया की हर गतिविधि पर निगरानी की जा सके।