देशद्रोह के अरोपी छात्र अभी तक गिरफ्तार नहीं

नई दिल्ली, 22 फरवरी (जनसमा)। देशद्रोह के अरोपी जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पांच छात्र रविवार शाम विश्वविद्यालय परिसर में लौट आए किंतु उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।

जेएनयू के शिक्षक संघ ने छात्रों पर लगाए गए देशद्रोह के आरोपों को हटाने की मांग की है।

इस संबंध में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिल्ली के पुलिस कमिश्नर बी.एस. बस्सी ने कहा कि दिल्ली पुलिस संविधान के तहत काम करती है और सभी लोगों को संविधान में भरोसा करना चाहिए।

उन्होंने पत्रकारों के एक प्रश्न का उत्तर में  कहा, ‘‘जिन लोगों पर आरोप लगे हैं उन्हें पुलिस के सामने आना चाहिए और अपने आपको निर्दोष साबित करना चाहिए। न्याय की पहली सीढ़ी पुलिस है और हम अन्याय नहीं करेंगे।’’

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या पुलिस गिरफ्तार करने के लिए जेएनयू में जाएगी तो बस्सी ने कहा कि पुलिस के पास हजारों विकल्प हैं। उन्होंने इस बात का स्पष्ट उत्तर नहीं दिया किंतु कहा कि जांच अधिकारी को क्या निर्णय लेना है, इसकी मैं भविष्यवाणी नहीं करूंगा। इस मामले में जांच अधिकारी स्वयं निर्णय करेंगे।

पुलिस कमिश्नर ने कहा, ‘‘मेरा कर्तव्य दिल्ली की कानून-व्यवस्था को बनाए रखना है। एक व्यक्ति जिसने पुलिसिंग में 39 साल खर्च कर दिए,  देश की आजादी को बरकरार रखने के लिए संविधान में भरोसा करना चाहिए।’’