नदी-नालों में बसे लोगों के रहने की अस्थायी व्यवस्था की जायेगी

भोपाल, 10 जुलाई। मध्यप्रदेश में अति वृष्टि और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए राज्य सरकार ने कहा है कि जो लोग नदी-नालों में रह रहे हैं उनकी अस्थायी व्यवस्था की जायेगी। बाद में उनके रहने की स्थायी व्यवस्था करने पर विचार किया जायेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार आपदा पीड़ित लोगों के साथ है और उनकी हरसंभव मदद की जायेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अति वृष्टि से उत्पन्न स्थिति की जिलेवार जानकारी ली और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा की। युद्ध स्तर पर बीमारियों पर नियंत्रणए जरूरी दवाईयों की व्यवस्था तथा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने स्थिति पर सतत नजर रखने और सभी जरूरी व्यवस्थाएँ 24 घंटे मुस्तैद रहने के निर्देश दिये। साथ ही प्रभावितों के रहने और भोजन की व्यवस्था अस्थायी शिविरों में करने तथा शुद्ध पेयजल और बीमारियों से बचाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिये।

बताया गया कि प्रदेश में स्थिति नियंत्रण में है और तेजी से सामान्य हो रही है। चौहान ने  स्थिति पर नजर रखने और प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कर नुकसानी का आंकलन कर राहत राशि मुहैया करवाने के निर्देश दिये।