निरंकारी संत बाबा हरदेव सिंह का सड़क दुर्घटना में निधन, प्रधानमंत्री ने आध्यात्मिक जगत की एक बड़ी क्षति बताया

नई दिल्ली, 13 मई | कनाडा के मॉन्ट्रियल में हुई एक सड़क दुर्घटना में संत निरंकारी मिशन के प्रमुख बाबा हरदेव सिंह का निधन हो गया है। मिशन के प्रेस और प्रचार प्रभारी कृपासागर ने शुक्रवार को यहां कहा कि बाबा हरदेव सिंह के निधन से वे बेहद दुखी हैं। वह 62 वर्ष के थे।

कृपासागर ने आईएएनएस से कहा, “यह हमारे लिए अचंभित करने वाली और दुखद खबर है।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा हरदेव सिंह की मौत के बारे में संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीटर पर लिखा, ‘‘बाबा हरदेव सिंह के निधन से आध्यात्मिक जगत को एक बड़ी क्षति हुई है। इस दुखद समय में मेरे विचार उनके अनगिनत अनुयायियों के साथ हैं।’’

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीटर पर लिखा, ‘‘बाबा हरदेव सिंह जी के निधन से गहरा दुख हुआ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह न केवल एक आध्यात्मिक नेता थे बल्कि एक समाज सुधारक थे। बाबा हरदेव सिंह का निधन निरंकारी मिशन के लिए एक बड़ा नुकसान है। परमेश्वर उनके अनुयायियों को इस त्रासदी के दर्द को सहने की शक्ति दे।’’

भाजपा नेता शाहनवाज़ हुसैन ने ट्वीट कर कहा, ‘‘निरंकारी बाबा हरदेव सिंह का मॉन्ट्रियल में एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके निधन के बारे में सुनकर वास्तव में दुख हुआ है। बाबा हरदेव सिंह का निधन देश के लिए एक नुकसान है।’’

शाहनवाज़ ने कहा, ‘‘उन्होंने लोगों की बहुत सेवा की है और मैंने भी व्यक्तिगत रूप से उनका ‘समागम’ देखा है।’’