निवेश आकर्षित करने के लिए नायडू का चीन दौरा शुरू

हैदराबाद, 26 जून | निवेश आकर्षित करने के लिए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू ने रविवार को पांच दिवसीय चीन दौरे की शुरुआत की। नायडू विश्व आर्थिक मंच द्वारा आयोजित एक बैठक में भी भाग लेंगे। नायडू अमरावती के विकास में भागीदारी के लिए भी चीनी कंपनियों को आमंत्रित करेंगे। विजयवाड़ा के निकट अमरावती प्रदेश की नई राजधानी बन रही है।

दौरे में चीन के गुइझाउ प्रांत के साथ आंध्र प्रदेश के अनुषंगी राज्य संबंध के रूप में एक समझौता होने की भी उम्मीद है।

13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नायडू रविवार को तड़के नई दिल्ली से हांगकांग के लिए रवाना हो गए। वे तियानजिन जाएंगे और वहां विभिन्न क्षेत्रों जैसे खाद्य उत्पाद बनाने वाली, जहाजरानी, विमानन, ऊर्जा, डाटा प्रौद्योगिकी, मत्स्य पालन और अतिथि सेवा क्षेत्र की बहुराष्ट्रीय कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे।

वह विश्व आर्थिक मंच की प्रबंध निदेशक सरिता नायर के साथ भी अलग से बैठक करेंगे।

अगले दिन मुख्यमंत्री रासायनिक विनिर्माण, ऑनलाइन किराया सेवा, औषधि, एयरवेज कैरियर, इलेक्ट्रॉनिक और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनियों के प्रमुखों के साथ कई बैठकें करेंगे। उसी दिन नायडू एक सम्मेलन में भी भाग लेंगे।

नायडू 28 जून को गुइझाउ प्रांत की राजधानी गुइयांग जाएंगे जहां वह गुइयांग शहरी योजना प्रदर्शनी संग्रहालय और गुइयांग अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण सम्मेलन केंद्र का दौरा करेंगे।

गुइझाउ और आंध्र प्रदेश के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

दौरे के अंतिम दिन मुख्यमंत्री आंध्र प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए एक ‘रोड शो’ में भाग लेंगे।

राज्य सरकार के सलाहकार (संचार) पाराकला प्रभाकर ने कहा कि गत अप्रैल में दौरे केदौरान नायडू ने चीनी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठकें की थीं।

उन्होंने कहा कि नायडू के पिछले दौरे से राज्य में 5000 करोड़ रुपये के निवेश हुए थे।

फोन उत्पादक कंपनी फॉक्स कॉम और कम लागत में स्मार्ट फोन बनाने वाली चीनी कंपनी जियाओमी ने राज्य में अपनी विनिर्माण इकाइयां स्थापित की हैं।

गुइझाउ समुद्री रेशम मार्ग अंतर्राष्ट्रीय निवेश निगम (जीआईसीसी) विजयवाड़ा में ‘सिटी स्क्वायर’ बनाने पर सहमत हुआ है।

सिचुआन प्रांत की राजधानी चेंगदू ने भी आंध्र प्रदेश में कृषि और आईटी क्षेत्र में साझेदारी की इच्छा जताई है।               —आईएएनएस

(फाइल फोटो)