परियोजनाओं में स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की भूमिका भी तय हो : शिवराज

भोपाल, 20 अगस्त (जस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को मध्यप्रदेश अर्बन डेव्हलपमेंट कंपनी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कंपनी द्वारा करवाये जाने वाले कार्यों में स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की भी भूमिका सुनिश्चित की जाये।

शिवराज ने कंपनी द्वारा करवाये जाने वाले प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कंपनी की विभिन्न परियोजनाओं के कार्यों में चुने हुए स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की भूमिका भी तय की जाये।

बैठक में बताया गया कि कंपनी द्वारा प्रदेश की सभी नगर पालिकाओं के पेयजल और सीवेज के कार्य करवाये जायेंगे। प्रदेश के 128 नगर की पेयजल परियोजना के कार्य लिये जा चुके हैं। इनमें से 32 के कार्य शुरू हो गये हैं। शेष के कार्य दिसम्बर माह तक शुरू हो जायेंगे। इन कार्यों में ज्यादातर वर्ष 2018 तक पूर्ण हो जायेंगे। इसी तरह नर्मदा नदी के किनारे बसे सभी नगरों के सीवेज का कार्य विश्व बैंक के सहयोग से लिया गया है।

मध्यप्रदेश अर्बन डवलपमेंट कंपनी के अध्यक्ष मुख्यमंत्री है। उपाध्यक्ष नगरीय विकास मंत्री एवं मुख्य सचिव हैं। नगरीय विकास विभाग के आयुक्त कंपनी के पदेन प्रबंध संचालक होंगे। बैठक में कार्यों एवं पदाधिकारियों के कर्त्तव्यों आदि की जानकारी दी गई।

बैठक में मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा, अपर मुख्य सचिव जल संसाधन आर.एस. जुलानिया, प्रमुख सचिव राजस्व  के.के. सिंह, प्रमुख सचिव पीएचई पंकज अग्रवाल, आयुक्त नगरीय विकास एवं सचिव मुख्यमंत्री विवेक अग्रवाल आदि संचालक एवं अधिकारी उपस्थित थे।