पीएम से व्हील चेयर पाने की खुशी मातम में बदली

वाराणसी, 22 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा व्हील चेयर पाने की खुशी अभी मिली ही थी कि मौत ने एक दिव्यांग को अपने आगोश में ले लिया। पीएम से मिले व्हील चेयर से घर जा रहे दिव्यांग प्रकाश पटेल (18 वर्ष) की ठंड लगने से मौत हो गयी।

जानकारी के अनुसार, डीजल रेल इंजन कारखाना (डीरेका) में शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने दिव्यांगों को उकरण बांटकर विश्व रिकार्ड बनाया। रोहनियां थानान्तर्गत गोविन्दपुर निवासी 18 वर्षीय प्रकाश पटेल पुत्र राजकुमार पटेल प्रधानमंत्री के हाथों मिली व्हील चेयर पाकर खुश था और कार्यक्रम के बाद घर जा रहा था। जब वह डीरेका स्थित केन्द्रीय विद्यालय के पास पहुंचा तभी उसके पेट में दर्द शुरु हो गया।

परिजन प्रकाश को लेकर डॉक्टर के पास ले गये। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मंडुवाडीह पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया। (हि.स.)