बच्चों में प्रतिस्पर्धा के गुण विकसित करें: शिवराज

भोपाल, 22 जनवरी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में संचालित खेल अकादमियों को और बेहतर बनायें तथा बच्चों में खेल प्रतिस्पर्धा के गुण विकसित करने की कोशिश करें। इससे प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा बच्चे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में पदक हासिल कर सकेंगे। उन्होंने आगामी ओलम्पिक खेलने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम में प्रदेश की बालिकाओं के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खेल विभाग को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने यह बात शुक्रवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान कही। इस असर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, मुख्य सचिव अंटोनी डिसा, सचिव खेल सचिन सिन्हा, सचिव वित्त अनिरूद्ध मुखर्जी तथा खेल संचालक उपेन्द्र जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने ‘माँ तुझे प्रणाम योजना’ की सफलता को देखते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि देश की सीमाओं का भ्रमण कर लौटे युवाओं से संवाद स्थापित किया जाये और उनके अनुभव प्राप्त किये जाएं। उन्होंने योजना को और अधिक उद्देश्यपूर्ण बनाने तथा युवाओं की संख्या बढ़ाने को कहा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित खेल अकादमियों को बेहतर बनाने के लिए उनमें जरूरी व्यवस्था की जाए। योगाभ्यास आदि विधाओं में देश की प्रतिष्ठित स्वंयसेवी संस्थाओं का सहयोग प्राप्त करने की कोशिश की जाए।

बताया गया कि मिशन ओलम्पिक के तहत प्रतिभावान खिलाड़ी तैयार करने की निरंतर कोशिश की जा रही है। रियो ओलम्पिक 2016 के लिए संभावित भारतीय महिला हॉकी टीम में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी के सीनियर वर्ग से छह खिलाड़ी शामिल हैं। साथ ही जूनियर वर्ग में भी चार महिला खिलाड़ी संभावितों की सूची में शामिल हैं।

इसी तरह कराटे जूनियर एवं सीनियर वर्ग में मध्यप्रदेश लगातार दस वर्ष से राष्ट्रीय चैम्पियन है। ताइक्वांडो की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एक खिलाड़ी ने प्रतिनिधित्व किया। जानकारी दी गयी कि विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में प्रदेश के 62 खिलाड़ी ने भाग लेकर 35 पदक हासिल किये। साथ ही राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में 135 पदक प्राप्त किये।

प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने एवं खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिये मुख्यमंत्री कप, विधायक कप एवं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएँ शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री कप प्रतियोगिता में तीन लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया। अगले माह सभी विधानसभा क्षेत्रों में विधायक कप का आयोजन होगा। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 80 लाख रूपये लागत के आउटडोर स्टेडियम बनाये जाने की कार्रवाई शुरू की गई है। इनमें 224 के लिये भूमि आवंटित हो गई है तथा 209 स्टेडियम स्वीकृत किये जा चुके हैं।