बारहवीं में 75 प्रतिशत अंक लाने पर मिलेंगे लैपटॉप: शिवराज

भोपाल, 30 जनवरी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अब अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत अंक लाने पर लैपटॉप दिये जायेंगे। सभी जिलों में ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय खोले जायेंगे। मुख्यमंत्री चौहान आज यहाँ ज्ञानोदय दिवस पर शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय में कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय में खेल परिसर का लोकार्पण किया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय में खेल परिसर का लोकार्पण किया

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अब हर वर्ष ज्ञानोदय दिवस मनाया जायेगा। संभागीय मुख्यालयों पर स्थित सभी दस ज्ञानोदय विद्यालय में विद्यार्थियों के लिये सीट्स की संख्या 280 से बढ़ाकर 640 कर दी जायेगी। ज्ञानोदय विद्यालयों में खेल परिसर बनाये जायेंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि देश और दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन करें। बड़े सपने देखें और बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करें। राज्य सरकार उनकी पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आने देगी। मध्यप्रदेश देश में स्मार्ट सिटी चयन, विकास दर और कृषि में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर नागरिक विकास में योगदान दे।

मुख्यमंत्री चौहान ने खेल परिसर का लोकार्पण भी किया। उन्होंने अनुसूचित जाति के युवा उद्यमियों की सफलताओं पर आधारित पुस्तक ‘बढ़ते कदम-खुलते रास्ते’ और ‘ज्ञानोदय’ पत्रिका का विमोचन किया। चौहान ने अनुसूचित जाति विकास विभाग के विभिन्न कार्यालय को आईएसओ सर्टिफिकेट वितरित किये। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाले विद्यालयों को पुरस्कृत किया। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में मेधावी विद्यार्थियों को लेपटॉप वितरित किये।