भारत विरोधी नारे लगाने वाले जेएनयू छात्र कन्हैया कुमार गिरफ्तार

नई दिल्ली, 12 फरवरी (जनसमा)। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में भारत विरोधी तथा अफजल गुरू और मकबूल बट्ट के समर्थन में नारे लगाने वाले जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि बीते 9 फरवरी को जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार के नेतृत्व में कुछ छात्रों ने भारत विरोधी नारे लगाए थे और साथ ही उन्होंने अफजल गुरू की फांसी का भी विरोध किया था।

आज सुबह गृहमंत्री राजनाथ सिंह और मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में भारत विरोधी नारे लगाने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का वचन दिया है।

एक सार्वजनिक कार्यक्रम में स्मृति ईरानी ने पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि जो लोग भारत माता का अपमान करेंगे उन्हें देश बर्दाश्त नहीं करेगा। राष्ट्र को उन्नत करने के लिए भारत माता का जयघोष अनिवार्य है।

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी जेएनयू में भारत विरोधी नारे लगाने की कठोर शब्दों में निन्दा की है और कहा है कि ऐसे शरारती तत्त्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कुछ छात्र संगठनों ने भी इस घटना पर रोष प्रकट किया है कि यदि सरकार ने देश विरोधी तत्त्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की तो छात्र सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे।

उधर दूसरी ओर प्रेस क्लब में भी भारत विरोधी नारे और पाकिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे लगाने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस संबंध में धारा 204-ए, 120-बी और 149 आईपीसी के अंतर्गत मुकदमे दर्ज किए हैं।

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार जिन लोगों ने यह कार्रवाई की है उनके खिलाफ ऐक्शन लिया जाएगा।