मध्यप्रदेश में 12.66 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद

भोपाल, 29 जनवरी। मध्यप्रदेश में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान की 12 लाख 66 हजार मीट्रिक टन खरीदी की गयी है। मध्यप्रदेश में खरीदी का कार्य 2 नवम्बर, 2015 से शुरू हुआ था, जो 25 जनवरी, 2016 तक चला। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर 883 केन्द्र पर खरीदी का कार्य किया गया।

राज्य में धान बेचने के लिए इस वर्ष 5 लाख 65 हजार किसान ने पंजीयन करवाया था। किसानों को अपनी फसल बेचने में दिक्कत न हो, इसके लिए उनको किस तारीख तक मंडी पहुँचना है, इसकी जानकारी भी एस.एम.एस. के जरिये दिये जाने की व्यवस्था की गई थी।

पिछले साल प्रदेश में 12 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गयी थी। इस वर्ष किसानों से कामन किस्म 1410 रुपये और ग्रेड-‘ए’ धान 1450 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदा गया।

प्रदेश में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर मोटे अनाज की 27 हजार 910 मीट्रिक टन खरीदी की गयी। मोटे अनाज की खरीदी का कार्य प्रदेश में 26 अक्टूबर, 2015 से शुरू हुआ था, जो 25 जनवरी, 2016 तक चला। मोटे अनाज की खरीदी 223 केन्द्र पर की गयी। समर्थन मूल्य पर मोटे अनाज की बिक्री के लिये 92 हजार से अधिक किसान ने पंजीयन करवाया था।

प्रदेश में हाईब्रिड ज्वार 1570 रुपये, मालडण्डी 1590 रुपये, बाजरा एफएक्यू 1275 और मक्का एफएक्यू 1325 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर किसानों से खरीदा गया। किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर करने के लिये खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जिला कलेक्टरों को निर्देश दिये गये थे।

धान खरीदी में ई-उपार्जन सॉफ्टवेयर के आँकड़ों के आधार पर उपार्जन समितियों के बैंक खातों में प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को भुगतान किये जाने की व्यवस्था की गई थी। समितियों द्वारा उपार्जित धान एवं मोटा अनाज उपार्जन एजेन्सियों द्वारा सुरक्षित रूप से गोदाम में पहुँचाया जा रहा है।