मध्यप्रदेश से गरीबी मिटाना ही मेरा संकल्प : शिवराज

भोपाल, 05 मार्च। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जन्मदिवस उनके लिए सेवा संकल्प का अवसर है। उनका संकल्प है कि मध्यप्रदेश में गरीबी न रहे। सबकी आमदनी इतनी बढ़ जाये कि किसी को भी माँगने की जरूरत न रहे। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिये वे अपने जीवन का सर्वस्व न्यौछावर कर देंगे। चौहान आज यहाँ मानस भवन में सेवा दिवस पर संबोधित कर रहे थे। सेवा दिवस पर रक्तदान, दिव्यांगों को ट्राइसायकिल, बैसाखी वितरण, महिलाओं को सिलाई मशीन और कुछ रोगियों को भोजन-पात्र प्रदान किये गये।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जनता की सेवा ही उनके जीवन का अंतिम लक्ष्य है। वे सरकार का संचालन गरीबों की सेवा के लिए कर रहे हैं। गरीब के चेहरे पर मुस्कराहट बिखरने का प्रयास है। इसी मंशा से एक रूपये किलो गेहूँ, चावल और नमक देने, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया है।

उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर गरीब लंबे समय से रह रहे हैं, उन्हें शीघ्र ही इसके पट्टे दिये जायेंगे। इसके बाद मकान बनाने का अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की आय दोगुनी हो जाये। कोई भी व्यक्ति बेरोजगार नहीं रहे। इसके लिए निरंतर बेहतर से बेहतर प्रयास हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दिव्यांग स्वास्थ्य परीक्षण का अभियान चलाया जायेगा। दिव्यांगों की जरूरतों के अनुसार उनका उचित उपचार किया जायेगा, कृत्रिम अंग और उपकरण प्रदाय किये जायेंगे।