मध्य प्रदेश में मंत्री से लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगाई झाड़ू

इंदौर, 2 अक्टूबर | मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गांधी जयंती को स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान के तौर पर मनाया। इस मौके पर मंत्रियों से लेकर अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाया तो जनजागृति के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। गांधी जयंती पर मुख्य कार्यक्रम इंदौर में आयोजित किया गया। यहां विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थावरचंद गहलोत, पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान सहित अन्य लोगों ने एयरपोर्ट रोड पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान चलाया।

इस मौके पर गहलोत ने कहा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उनकी भावनाओं के अनुरूप भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक सरोकारों से जुड़े विश्व के सबसे बड़े ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इस भावना के अनुरूप इंदौर में ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ के तहत इस ‘विशाल चुनरी यात्रा’ का आयोजन अपने आप में संदेश है।

फोटो: इंदौर में चुनरी यात्रा का दृश्य।

इसी तरह उज्जैन में भाजपा द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देने वाले देश के पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती बड़े ही हषरेल्लास से मनाई गई। क्षीरसागर स्थित गांधी उद्यान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महात्मा गांधी को याद किया गया।

भोपाल में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष, विधायक रामेश्वर शर्मा ने कोलार में विभिन्न स्थानों पर आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया एवं लोगों को स्वच्छता रखने के लिए प्रेरित किया। अरेरा मंडल के 11 नं़ बस स्टॉप पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर विधायक सुरेंद्रनाथ सिह, मंडल अध्यक्ष निखिलेश मिश्रा सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

इसी तरह जबलपुर में सरस्वती कॉलोनी एवं राइट टॉउन एरिया में आयोजित स्वच्छता अभियान में महापौर स्वाती गोडबोले, मध्य प्रदेश शासन के मंत्री शरद जैन, जिलाध्यक्ष जी़ एस. ठाकुर सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

रीवा में गांधी जयंती के अवसर पर पद्मार पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया गया, साथ ही संगोष्ठी का आयोजन कर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागृत किया गया।–आईएएनएस