मनोहर लाल गुड़गांव में करेंगे ध्वजारोहण

चंडीगढ़, 22 जनवरी। हरियाणा का राज्य स्तरीय गणतन्त्र दिवस समारोह 26 जनवरी को चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा, जहां हरियाणा के राज्यपाल प्रो० कप्तान सिंह सोलंकी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसी सायं हरियाणा राज भवन, चंडीगढ़ में ‘एट होम’ भी होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल गुड़गांव में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कंवर पाल गणतन्त्र दिवस पर पलवल में तथा हरियाणा विधानसभा की उपाध्यक्ष संतोष यादव झज्जर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा गणतन्त्र दिवस पर फरीदाबाद में, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु रोहतक में, कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ जींद में, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज कैथल में, लोक निर्माण मंत्री नरबीर सिंह रेवाड़ी में, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कविता जैन पानीपत में, परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार सोनीपत में, सहकारिता राज्य मंत्री बिक्रम सिंह यादव महेन्द्रगढ़ (नारनौल) में, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी राज्य मंत्री घनश्याम सर्राफ सिरसा में, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री कृष्ण कुमार हिसार में, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री कर्णदेव काम्बोज करनाल में तथा खान एवं भू-विज्ञान राज्य मंत्री नायब सिंह कुरूक्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

इसी प्रकार, मुख्य संसदीय सचिव श्याम सिंह राणा गणतन्त्र दिवस पर यमुनानगर में, मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क पंचकूला में, मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा अम्बाला में और मुख्य संसदीय सचिव डॉ० कमल गुप्ता भिवानी में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

यदि कोई मंत्री समारोह स्थल पर समय पर नहीं पहुंचता तो सम्बंधित उपायुक्तों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उप-मण्डल मुख्यालयों पर सम्बन्धित उप-मण्डल अधिकारियों (नागरिक) द्वारा तथा तहसील मुख्यालयों (जहां तहसील मुख्यालय भिन्न हैं) पर तहसीलदार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। मण्डल, जिला, उप-मण्डल और तहसील मुख्यालयों पर गृह रक्षियों और एन. सी. सी. के साथ मिलकर पुलिस परेड करवाई जाएगी।