अब्राहिम अलकाज़ी

मशहूर नाट्य निर्देशक अब्राहिम अलकाज़ी का दिल का दौरा पड़ने से निधन

नई दिल्ली, 4 अगस्त। भारतीय रंगमंच को आधुनिक दिशा देने और उसमें रचनात्मक परिवर्तन लाने वाले  मशहूर  नाट्य निर्देशक अब्राहिम अलकाज़ी का आज मंगलवार दोपहर दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया। वह 94 साल के थे।

उनका जन्म 18 अक्टूबर 1925 को पुणे में हुआ था। अब्राहिम अलकाज़ी अमीर सऊदी अरब के पिता और कुवैती माँ की नौ संतानों में से एक थे और उनका बचपन शानदार रहा था।

अब्राहिम अलकाज़ी राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्देशक थे। उन्होंने कई यादगार नाटकों का निर्देशन किया था इनमें आषाढ़ का एक दिन भी था।

उन्हें शीर्ष फ्रांसीसी सम्मान से नवाजा गया था।

स्व. अलकाज़ी को आधुनिक भारतीय रंगमंच को उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाता रहेगा। सन् 1962 से 1977 तक एनएसडी के निदेशक के रूप में उन्होंने नाट्य शिक्षा में इस तरह क्रांतिकारी परिवर्तन किया कि यहाँ से प्रशिक्षित कलाकार आज भारतीय सिनेमा के श्रेष्ठ कलाकारों में शुमार हैं। इनमें नसीरुद्दीन शाह और ओम पुरी विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।

अल्काज़ी के बेटे फैसल अलकाज़ी भी शानदार निर्देशक हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने थिएटर के दिग्गज कलाकार अब्राहिम अलकाज़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट संदेश में कहा, “श्री अब्राहिम अलकाज़ी को पूरे भारत में रंगमंच को अधिक लोकप्रिय और सुलभ बनाने के उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। कला और संस्कृति की दुनिया में उनका योगदान भी उल्लेखनीय है। उनके निधन से काफी दुखी हूं। मेरी संवेदना उनके परिजनों और दोस्तों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”