महिलाओं के पिछड़ने से देश आगे नहीं बढ़ सकता : अखिलेश

लखनऊ, 18 अप्रैल (जनसमा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारत में महिलाओं को देवी का सम्मानित दर्जा दिया गया है, जिस हमें दृढ़ता से अमल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाएं हमारे देश की आबादी का आधा हिस्सा हैं, ऐसे में उनकी अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जिस देश की महिलाएं पिछड़ जाती हैं, वह आगे नहीं बढ़ सकता।

फोटोः अखिलेश यादव 16 अप्रैल, 2016 को लखनऊ में एच0टी0 वूमन अवार्ड 2016 कार्यक्रम के दौरान सम्मानित प्रतिभागियों के साथ।

अखिलेश ने यह विचार बीते शनिवार को लखनऊ के होटल ताज विवान्ता में आयोजित एच0टी0 वूमन अवार्ड-2016 कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिभा और लगन से महिलाओं ने शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। ऐसी महिलाओं को सम्मानित करने के लिए हिन्दुस्तान टाइम्स समूह द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन काबिले तारीफ है।

इस अवसर पर उन्होंने मशहूर कालबेलिया नर्तकी गुलाबो सपेरा को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। इस कार्यक्रम को कन्या भ्रूण हत्या पर केन्द्रित करने के लिए समूह की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की समाजवादी सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं उत्थान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज के परिप्रेक्ष्य में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं और अच्छा काम कर रही हैं। राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। बालिकाओं को कन्या विद्याधन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सकें।