मोदी सरकार के सुशासन का परिणाम है जी.डी.पी. में भारत का प्रथम होना : रमन

रायपुर, 01 जून (जनसमा)।  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस बात पर खुशी जताई है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के आर्थिक विकास की गति में काफी तेजी आई है और पिछले वित्तीय वर्ष 2015-16 की चौथी तिमाही में देश के सकल घरेलू उत्पाद (जी.डी.पी.) की दर 7.9 प्रतिशत रिकार्ड की गई। उल्लेखनीय है कि भारत की वार्षिक जी.डी.पी. विकास दर वर्ष 2015-16 में 7.6 प्रतिशत रही जो चीन से भी अधिक है।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को यहां अपनी त्वरित प्रतिक्रिया में कहा कि जी.डी.पी. के संकेतकों से देश के आर्थिक विकास की नई दिशा का पता  चलता है और यह मोदी सरकार के कुशल वित्तीय प्रबंधन का परिचायक है। इसका सकारात्मक  और उत्साहवर्धक परिणाम और प्रभाव देश के सभी राज्यों में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री और उनकी सरकार को बधाई दी है।

डॉ. रमन सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश खेती-किसानी और औद्योगिक विकास का नया दौर शुरू हुआ है। निर्माण क्षेत्र, रियल स्टेट और व्यावसायिक सेवाओं के क्षेत्र में भी वर्ष 2015-16 में लगभग हर तिमाही में लगातार वृद्धि देखी गई है।

उन्होंने कहा कि अर्थशास्त्रियों के अनुसार छत्तीसगढ़ में भी सकल राज्य घरेलू उत्पाद की स्थिति में काफी अच्छा सुधार हुआ है। वर्ष 2015-16 के अग्रिम अनुमानों के अनुसार स्थिर भागों में राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में वर्ष 2014-15 की तुलना में 7.07 प्रतिशत की वृद्धि अनुमानित है। वर्ष 2013-14 में छत्तीसगढ़ में प्रति व्यक्ति आय 66 हजार 438 रूपए और वर्ष 2014-15 में 73 हजार 758 रूपए थी, जो वर्ष 2015-16 में बढ़कर 81 हजार 756 रूपए होना अनुमानित है। इस प्रकार तीन वर्षों में छत्तीसगढ़ राज्य में प्रति व्यक्ति औसत वार्षिक आमदनी में लगभग 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।