विपक्षी जनता में पीछे और प्रचार में आगे हैं: अखिलेश

लखनऊ, 22 जनवरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को जनेश्वर मिश्र पार्क में कहा कि जनेश्वर मिश्र ने जो संघर्ष का रास्ता दिखाया था उसी रास्ते पर आज हमारी सरकार चल रही है।

अखिलेश यादव ने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह समाजवादियों की ही देन है कि आज विपक्षी दल भी आक्सीजन लेने लोहिया और जनेश्वर मिश्र पार्क आते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी जनता में पीछे और प्रचार में आगे हैं। क्योंकि पंचायत चुनावों में जनता ने विरोधियों को सबक सिखा दिया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को जनेश्वर मिश्र की छठी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव भी उपस्थित थे। इस मौके पर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कैबिनेट मंत्री अम्बिका चौधरी, पूर्व मंत्री नारद राय और सुनील यादव साजन ने जनेश्वर मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे कन्नौज संसदीय क्षेत्र से पहली बार हमारा नामांकन का क्षण रहा हो या फिर उत्तर प्रदेश में क्रान्तिरथ चलाने का क्षण हो दोनों स्थानों पर जनेश्वर मिश्र ने हमें आशीर्वाद दिया था। मुख्यमंत्री ने बताया कि क्रान्तिरथ को झण्डी दिखाते हुए जनेश्वर ने कहा था कि चाहे जहां जाओ लेकिन किसान, गांव और गरीब को हमेशा याद रखना। देश की असली ताकत गांव के किसान हैं। इसलिए सरकार किसानों मजदूरों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

कैबिनेट मंत्री अम्बिका चोधरी ने कहा कि जनेश्वर जी युवाओं के प्रेरणासा्रेत थे। जनेश्वर दुनिया के करोड़ों वंचित लोगों की लड़ाई करने का काम करते थे। वह कहते थे कि संघर्ष हमेशा चलता रहना चाहिए।

सपा नेता सुनील यादव साजन ने कहा कि जनेश्वर जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बताये मार्ग पर चलें ओर उनकी शिक्षाओं का अनुशरण करें। उन्होंने कहा कि छोटे लोहिया जिस समाजवाद की बात करते थे उसी समाजवाद के आधार पर आज अखिलेश सरकार काम कर रही है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री नारद राय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनेश्वर जी ने अन्याय व जुल्म से टक्कर लेने के लिए युवाओं की एक फौज बनाने का काम किया था। छोटे लोहिया के दर्जनों सपनों को पूरा करने का काम अखिलेश यादव ने किया।

पूर्व सांसद भगवती सिंह ने कहा कि जनेश्वर जी का जीवन जितना सरल व प्रेरणादायक था उसका बखान नहीं किया जा सकता। उप्र में जब भी कोई चुनाव होते थे वे पूरे प्रदेश में दौरा कर युवाओं में ऊर्जा भरने का काम करते थे। आज अगर वह जीवित होते तो अखिलेश द्वारा किये गये कार्यों को देखकर बहुत खुश होते।

कार्यक्रम में मणेन्द्र मिश्र द्वारा लिखित पुस्तक समाजवादी आन्दोलन के युवा ध्वज वाहक अखिलेश और छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र नामक पुस्तक का विमोचन भी अतिथियों ने किया।