वे बस ‘आंखों को आराम’ दे रहे थे : रेणुका

नई दिल्ली, 21 जुलाई| लोकसभा में बुधवार को जब कांग्रेस गुजरात में दलितों पर अत्याचार के मुद्दे पर सरकार के साथ गरमागरम बहस कर रही थी, तब पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी एक वीडियो में ऊंघते नजर आए। वीडियो में राहुल गांधी दाएं हाथ के बल चेहरे को टिकाकर सोते दिख रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

राहुल गांधी कुछ क्षण के लिए तब सोते नजर आए, जब मल्लिकार्जुन खड़गे तथा कांग्रेस के अन्य सदस्य केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा गुजरात के उना में हिंसा पर सदस्यों के सवालों के जवाब का तेज अवाजों में विरोध कर रहे थे।

कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी से जब उपाध्यक्ष के कथित तौर पर ऊंघने की बात पर स्पष्टीकरण मांगा गया, तब उन्होंने कहा कि वे बस ‘आंखों को आराम’ दे रहे थे।

रेणुका ने कहा, “वह सो नहीं रहे थे। उतने शोरगुल में क्या कोई सो सकता है? हम (सांसद) बस केवल राहत के लिए आंखों को बंद करते हैं।”