शौर्या दल को हर वर्ष सम्मानित किया जायेगा : माया सिंह

भोपाल, 24 जून (जनसमा)। मध्यप्रदेश के महिला-बाल विकास मंत्री माया सिंह ने कहा है कि हर संभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शौर्या दल को सम्मानित किया जायेगा। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 11 हजार रुपये दिये जायेंगे। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हर वर्ष दिया जायेगा। माया सिंह शुक्रवार को रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर शौर्या दल के राज्य-स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।

फोटो : माया सिंह ने शौर्या-दल के गठन पर विभागीय अधिकारियों और उत्कृष्ट कार्य के लिए 24 जून, 2016 को शौर्या-दल के सदस्यों को सम्मानित किया।

महिला-बाल विकास मंत्री माया सिंह ने कहा कि जब भी समाज में सकारात्मक बदलाव का इतिहास लिखा जायेगा, उसमें शौर्या दल का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित होगा। उन्होंने कहा कि शौर्या दल गाँव-गाँव में जो काम कर रहे हैं, उससे लोगों की सोच में तो परिवर्तन हो रहा है, वहीं सामाजिक कुरीतियों और बुराइयों पर भी अंकुश लगा है। सामाजिक कार्यों में शौर्या दल बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

उन्होंने सिंहस्थ में शौर्या दल की भूमिका का उल्लेख किया और कहा कि दल का सदस्य हर मौके पर हर चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय वैचारिक महाकुंभ और सिंहस्थ में पूरी सक्रियता के साथ काम करने पर शौर्या दल के सदस्यों को बधाई दी।

महिला-बाल विकास मंत्री ने कहा कि शौर्या दल के सामने एक बड़ी चुनौती है। इसका सामना करने के लिये दल के सदस्यों को पूरी दृढ़ इच्छा-शक्ति और धैर्य के साथ काम करना होगा। महिलाओं और बच्चों के मुद्दे पर समाज में संवेदनशीलता लाना है। उन्होंने कहा कि दल के सदस्य रानी दुर्गावती को अपना आदर्श बनायें, जिन्होंने संघर्ष करते हुए हर चुनौती का सामना किया और विजय पायी।