समाजवादी पार्टी की सरकार कुनबे की लड़ाई में उलझ गई : राज बब्बर

नोएडा-गौतमबुद्ध नगर, 18 सितम्बर । उप्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि प्रदेश के सत्तासीन दल पर पिछले पांच दिनों से चल रही गतिविधियों पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार कुनबे की लड़ाई में उलझ गई है। उन्होंने कहा कि इसका फायदा किसी पार्टी को नहीं प्रदेश की जनता को होगा। एक अच्छी सरकार का गठन होगा।

पार्टी की ’27 साल यूपी बेहाल’ जनजागरण यात्रा के तहत रविवार को नोएडा पहुंचे राज बब्बर ने एक जनसभा में कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ विकास किया। 2017 में सरकार बनी तो फिर सिर्फ विकास होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इंडस्ट्री लगाने के लिए नोएडा में किसानों से जमीन ली और लगाई भी। लेकिन अन्य सरकारों ने नोएडा से सिर्फ पैसे ही लूटे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता को जाति-धर्म के नाम पर लड़ाया जा रहा है।

वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि भारत में हिंदू-मुसलमान एक हैं। दोनों के बीच कोई बंटवारा नहीं। दोनों ने देश के लिए कुर्बानी दी है। यही हाल उत्तर प्रदेश का है। यहां भी हिंदू मुसलमान एक हैं। कांग्रेस सरकार बनी तो पूरा प्रदेश नोएडा-ग्रेटर नोएडा जैसा होगा। सलमान खुर्शीद ने कहा कि कश्मीर में 17 जवानों के शहीद होने का दुख है। भाजपा कश्मीर समस्या पर हमसे परामर्श नहीं लेती। हम हर समस्या के लिए सरकार का साथ देने को तैयार हैं।

यात्रा में प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद, वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया, प्रमोद तिवारी आदि भी शामिल रहे।