सर्वांगीण विकास के लिए गतिविधियां भी आवश्यक : सराफ

जयपुर, 5 फरवरी। राजस्थान के उच्च शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार को जोधपुर में जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय छात्र सेवा मण्डल का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि अगले सत्र तक जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में शिक्षकों की कोई कमी नहीं रहेगी।

मुख्य अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि कई वर्षो से विश्वविद्यालय छात्र सेवा मण्डल की गतिविधियां आयोजित करना सराहनीय है। केवल किताबी शिक्षा से नहीं बल्कि गतिविधियों से ही सर्वांगीण विकास संभव है। यहां पर समय-समय पर खेलकूद, सांस्कृतिक, साहित्यिक व शैक्षणिक गतिविधियां है तथा उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुरस्कार वितरण करना भी सराहनीय है।

उन्होंने बताया कि छात्र संगठन के रूप में देशभक्ति के सिद्धांतों की जरूरत होती है तथा वर्तमान में यहां यह संगठन कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि कमला नेहरू विश्वविद्यालय में हाल के लिए दस लाख रुपए कुलपति ने मंजूर किए है, इससे हाल के आधुनिक स्वरूप में निखार आ जाएगा।

सराफ ने बताया कि विश्वविद्यालय शिक्षक भर्ती की 88 प्रतिशत वालों की लिखित परीक्षा व साक्षात्कार निर्धारित नियमानुसार होगा। अब भर्ती में किसी तरह की पक्षपात की स्थिति नहीं होगी। उन्होंने पूरे प्रदेश में छात्र भर्ती के लिए राज्य सरकार द्वारा बनाए गए नियमों की चर्चा की।

उन्होंने विश्वविद्यालयों में दीक्षांत समारोहों के वर्षो से लंबित पड़े रहने की समस्या के निस्तारण के बारे में बताया। हर विश्वविद्यालय में प्रतिवर्ष दीक्षांत समारोह होगा। विद्यार्थियों को समय पर डिग्री मिलेगी। प्रदेश में आन लाईन विद्यार्थियों की भर्ती शुरू की गई है। बुक बैंक, स्वच्छ भारत, रक्तदान, वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम भी सभी विश्वविद्यालयों में शुरू हो रहे हैं। सभी विश्वविद्यालयों में प्रतिभावान कुलपति लगाए गए हैं।